नेशनल डेस्क। चटखारेदार पानी पुरी की बात है तो मुंबई और पेटभर कर टेस्टी परांठे खाने का मन है तो दिल्ली का चांदनी चौक किसे याद नहीं आता। यहां के स्वाद के वो बात है जो पूरा इंडिया यहां जमा हो जाता है। देर रात तब तवे पर घी का तड़का लगता है या लच्छेदार रबड़ी की कढ़ाई चढ़ती है तब आता है देसी स्वाद। आज हम आपको इंडिया की ऐसी ही खुशबू से भरी चटखारेदार गलियों से मिलवा रहे हैं। यदि आप इन शहरों में जाएं तो इन गलियों के स्ट्रीट फूड का स्वाद जरूर चखकर आएं।
खाऊ गली,मुंबई
मुंबई में कई जगहों पर खाऊ गलियां मिल जाएंगी। मगर घाटकोपर इनमें सबसे खास है। यहां पानीपूरी, सैंडविच, मसाला कोल्ड ड्रिंक्स, पावभाजी और टिक्का आदि मिल जाएंगे। यहां आपको कई तरह के डोसा मिलेंगे, जिनमें थाउजैंट आइलैंड डोसा, चीज बस्ट डोसा और सबसे खास आइसक्रीम डोसा भी परोसा जाता है।
जॉनसन मार्केट,बेंगलुरु
नॉन-वेज लवर्स के लिए यह एक शानदार जगह है। सुलेमानी चाय, हरीरा, कोकोनट और फ्रूट नान देश में शायद ही कहीं और मिलें। कबाब के शौकीन हैं तो जॉनसन माकेज़्ट आपके लिए परफेक्ट रहेगा।
भुक्खड़ गली, अहमदाबाद
यहां शाम 6-7 के बीच रंगत लगना शुरू होती है और देर रात तक चलती है। मेक्सिकन, थाई, चाइनीज, स्पैनिश और लैबनीज खाने की चीजें इंडियन स्टाइल में वाजिब दाम में मिल जाएंगी। यहां का वन स्लाइज पिज्जा, तंदूरी मोमोज, फजीता राइस और फलाफल बहुत फेमस है।
पराठे वाली गली, दिल्ली
दिल्ली की पराठे वाली गली दुनियाभर में मशहूर है। यहां लगभग 35 अलग-अलग तरह के पराठे मिलते हैं। जिन्हें तवे पर कम कड़ाही में ज्यादा बनाया जाता है। आलू, गोभी, मटर, टमाटर, प्याज, लहसुन, मिक्सवेज, पनीर जैसी कई चीजों के पराठे यहां खाए जा सकते हैं जो देसी घी के बने होते हैं। इन पराठों के साथ आलू की सब्जी, केले की चटनी, लस्सी और सलाद भी परोसा जाता है।
कचौड़ी गली, वाराणसी
यहां काशी की प्रसिद्ध कचौड़ी, जलेबी की दुकानें बहुतायत संख्या में है। हालांकि, इस मुहल्ले का नाम पहले कूचा अजायब था। कहा जाता है कि मुस्लिम शासन के समय चर्चित धनी अधिकारी अजायब के नाम से ही इस मुहल्ले का नाम था। इस मुहल्ले में अजीब तरह की वस्तुएं बिकती थी। बाद में खाने-पीने की दुकानें अधिक होने से इस मुहल्ले का नाम कचौड़ी गली पड़ा।
चटोरी गली, मध्य प्रदेश
नॉनवेज के शौकीन लोग यहां आकर तमाम अलग-अलग तरह की डिशेज का स्वाद ले सकते हैं। यहां की दुकानों में फिश, मटर, चिकन को कई फ्लेवर्स और मसालों के साथ परोसा जाता है। खूब सारे मसालों और ऑयल में बनी ये डिशेज आपकी कैलोरी जरूर बढ़ा सकती हैं। अगर आप वर्कआउट करने के लिए तैयार हैं तो एकबार यहां जरूर आएं। मैरिनेटेड मीट और फिश को देखकर मुंह में पानी आ जाता है। यहां का पाव कबाब (हैमबर्गर) बहुत ही टेस्टी होता है इसके अलावा चटोरी गली का पाया सूप, सीक कबाब और जूसी बीफ कबाब का भी जवाब नहीं।
Aapki Chhaya Hindi News Portal